मथुरा। बरसाना में राधा जन्मोत्सव के दौरान दर्शन करने के लिए आए दो श्रद्धालुओं की दम घुटने से मौत होने की खबर है। हादसे के बाद प्रशासन में खलबली मच गई। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। शासन से पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मृतकों में एक महिला श्रद्धालु शामिल है। प्रयागराज की रहने वाली 60 वर्षीय श्रद्धालु राजमणि राधारानी के दर्शन करने अपने परिवार के साथ बरसाना पहुंची थीं। सुबह चार बजे वह अभिषेक के दर्शन करने सीढ़ियों से लाडली जी मंदिर जा रही थीं। तभी भीड़ के दबाव में उनका दम घुट गया और वो बेहोश हो गईं। महिला श्रद्धालु को उनके परिजन किसी तरह सीएचसी ले गये जहा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उधर कस्बा के सुदामा चौक पर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग बेहोश हो गए उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनको मृत घोषित किया गया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जिला अधिकारी शैलेंद्र सिंह का इस संबंध में कहना कि भीड़ के दबाव में दो श्रद्धालुओं की मौत की बात पूरी तरह निराधार असत्य है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर खबर चल रही है कि दो लोगों की दम घुटने से मौत हुई है ऐसा नहीं जबकि सत्यता ये हैं कि मृतक बुजुर्ग महिला डायबिटीज की मरीज थी उनको 500 से अधिक डायबिटीज चल रही थी। उन्होंने कल से कुछ खाया भी नही था। दूसरे मृतक बुजुर्ग अस्वस्थ थे उनकी हार्ट अटैक के कारण मृत्यु हुई है। एस एस पी शैलेश पांडेय ने बताया कि मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में कही भी पूजन दर्शन के दौरान कोई घटना नही हुई है। सोशल मीडिया पर चल रही खबर का हम खंडन करते हैं। राधाष्टमी का मेला बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।