आयुष्मान और सीएम आरोग्य योजना पर सरकार ने व्यय किये 34 सौ करोड़ रूपये
जो व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन नही कर पाता वो धार्मिक कहलाने का अधिकारी नही
काशी बनारस के बाद मथुरा वृंदावन में आये 6 करोड़ श्रदालु
वृन्दावन (मथुरा)। नर सेवा ही नारायण सेवा है वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए राम कृष्ण मिशन सेवाश्रम चेरिटेबल हॉस्पीटल ने अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य किया है। अपने संस्थापक स्वामी विवेकानंद जी के मार्ग दर्शन, प्ररेणा से मानव सेवा करने वाली इस संस्था में मुझे तीसरी बार आने का अवसर मिला है। हर बार मैं लोक कल्याण कार्यक्रमों से जुडा हूं। उक्त उद्गार बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकृष्ण सेवाश्रम में केंसर रोगियों के लिए लगायी गयी पैट सिटी स्कैन मशीन के समर्पण कार्यक्रम में व्यक्त किये।
मुख्यमंत्री ने कहा मथुरा-वृन्दावन की रज-रज में श्रीकृष्ण का वास है, जो शिव की सेवा करना चाहता है पहले उसे उनके भक्तों की सेवा करनी चाहिए। नर सेवा ही शिव की सच्ची उपासना है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत परिवर्तन आया है, पहले सरकारी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों के उपचार की व्यवस्था नही थी, परन्तु अब सरकारी अस्पताल काफी बेहतर स्थिति में है। प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान कार्ड और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पांच लाख रूपये का बीमा कवर कर आम आदमी को जीवन सुरक्षा प्रदान की है। बीते तीन वर्ष में 34 सौ करोड़ रूपये आयुष्मान और सीएम आरोग्य योजना पर सरकार ने व्यय किये है। मुख्यमंत्री रिलीफ फण्ड से रोगियों के उपचार के लिए अलग से मदद की गयी थी। कोरोनाकाल में रामकृष्ण सेवाश्रम अस्पताल ने बहुत ही अच्छा कार्य किया था। मुख्यमंत्री ने अस्पताल को पैट सिटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने के लिए कोटक महेन्द्रा की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने सीएसआर फण्ड का सदुपयोग कर अन्य कम्पनियों एवं धर्माथ संस्थाओं को प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि हमको सदाचार के मूल्य को आत्मसात करना चाहिए। जो व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन नही कर पाता वो धार्मिक कहलाने का अधिकारी नही है। वास्तव में धार्मिक व्यक्ति वो है जो धर्म, स्वयं, समाज, राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करे। ये कार्य रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा बखूबी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छ: वर्ष पहले तक यूपी पर्यटक आने की संख्या में तीसरे नम्बर पर था। उस समय देश में सबसे पहले नम्बर पर गोवा था। वर्तमान में स्थिति यह है कि गोवा में अस्सी लाख पर्यटक पहुंचे है तो काशी में सात करोड़ और मथुरा-वृन्दावन में छ करोड़ लोग भ्रमण पर आये। यह संख्या दर्शाती है कि लोग धर्म के साथ जुडना चाहते है। संवेदनशील व्यक्ति को प्राणी की सेवा के लिए तत्पर्य रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वामी विवेका नंद जी की बातें याद आती है। गरीब दरिद्र रोगी व्यक्ति में ईश्वर को देखकर सेवा करना प्रभू की सच्ची सेवा है। संबोधन से पूर्व मुख्यमंत्री ने अस्पताल का भ्रमण कर राधा कृष्ण विग्रह की आरती की। पैटसिटी स्कैन मशीन के बारे में टैक्नीशियन ने उनको बखूबी समझाया जिसे उन्होंने पूरे मनोयोग से समझा। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान से हुई ।
समारोह में उनके साथ प्रदेश के केबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण, विधायक श्रीकान्त शर्मा, ठा. मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी के अलावा उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, प्रदेश के ग्रह सचिव संजय प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) राजीव कृष्ण, कमिश्नर ऋतु माहेश्वरी, जिलाधिकारी पुलकित खरे, एसएसपी शैलेश पाण्डे आदि मौजूद रहे।