मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कर वसूली हेतु ओटीएस योजना आगामी 1 महीने के लिए पुन: प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा वर्तमान वित्तीय वर्ष में नगर निगम की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ वसूली करने पर सहमति बनी है। वही आगामी 2 वर्षों के लिए नगर निगम की आय 5 गुना करने की योजना बनाई जा रही है। उक्त निर्णय भूतेश्वर स्थित जलकल परिसर में महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु की अध्यक्षता में हुई नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए है ।
बैठक में सदन ने उ.प्र. सरकार द्वारा मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीपवर्ती 22 वार्डों को तीर्थस्थल घोषित करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया । नगर आयुक्त अनुनय झा के अनुसार तय हुआ कि कर वसूली हेतु ओ.टी.एस. योजना आगामी माह पुनः 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित की जायेगी एवं निर्माण जलकल एवं अन्य निर्माण कार्यों में पुनर्निविदा की कार्यवाही तीन दिन के अंदर अनिवार्य हो जानी चाहिए विलंब पर संबंधित विभाग अध्यक्ष के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में नगर निगम की आय दोगुनी करने का लक्ष्य तय करते हुए 6 माह के अन्दर ही पिछले वित्तीय वर्ष जितनी राशि की कर वसूली की गयी। आगामी 02 वर्षों में नगर निगम की आय 05 गुना किये जाने हेतु कार्य योजनाऐं तैयार की गयीं। वृन्दावन नगर में पवन हंस हैलीपैड के समीप 8000 वर्गमी। भूमि स्मार्ट सिटी योजना में मल्टीलेविल पार्किंग के लिए निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यदायी संस्था उ.प्र. जलनिगम सी एंड डी एस शाखा द्वारा किया जायेगा। पार्किंग में लगभग 500 वाहन एवं 300 यात्रियों के लिए विश्राम की व्यवस्था रहेगी। मथुरा-वृन्दावन नगर के लगभग 50 से अधिक मार्गों-तिराहों एवं चौराहों का नामकरण की जानकारी दी गई।
बैठक में उपसभापति राधाकृष्ण पाठक पार्षदगण राजवीर सिंह उमेश भारद्वाज तिलकवीर सिंह श्रीमती मीरा मित्तल श्रीमती रश्मि शर्मा कुलदीप सिंह गोविन्दा चन्दन आहूजा सूरज तोमर श्रीमती नीलम गोयल के अलावा नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सहायक नगर आयुक्त प्रभारी महाप्रबन्धक जल प्रभारी मुख्य अभियंता मुख्य कर निर्धारण अधिकारी लेखाधिकारी सहायक अभियंता जल एवं प्रकाश उपस्थित रहे ।।