मथुरा। करीब दो वर्ष पूर्व नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा प्राईवेट कम्पनी से नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न वार्डों में डोर टू डोर कूडा कलैक्शन का कार्य कराया गया था जिसमें कम्पनी द्वारा निर्धारित गजट नोटीफिकेशन के आधार पर यूजर चार्ज की वसूली की गयी है। उक्त कम्पनी का अनुबंध समाप्त हो जाने के कारण नगर निगम द्वारा स्वयं के संसाधनों से डोर टू डोर कूडा कलैक्शन का कार्य प्रारम्भ किया गया है। कोविड-19 कोरोना के कारण नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज की वसूली नहीं की जा सकी। अब पुन : वसूली शुरू कराई जा रही है।
नगर आयुक्त अनुनय झा के अनुसार वर्तमान में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा डोर टू डोर कूडा कलैक्शन हेतु निर्धारित गजट नोटीफिकेशन के अनुसार आवासीय एवं व्यवसायिक भवनों/प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज की पुनः वसूली कराई जा रही है । बिना आई.डी. कार्ड के किसी को यूजर चार्ज न दें। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा झोपड़ी में निवास करने वाले परिवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। पक्का घर/फ्लैट/ईडब्ल्यूएस से प्रतिमाह तीस रूपया, एल.आई.जी. से प्रतिमाह चालीस रूपया एवं एम.आई.जी. (200 वर्गमीटर) से प्रति माह पचास रूपया यूजर चार्ज वसूल किया जायेगा।
इसके अतिरिक्त आवासीय एवं व्यवसायिक भवनों/प्रतिष्ठानों के गजट नोटीफिकेशन में अलग-अलग यूजर चार्ज निर्धारित किये गये हैं, जिनके अनुसार यूजर चार्ज नगर निगम द्वारा वसूल किया जायेगा। यूजर चार्ज केवल नगर निगम के सफाई नायक द्वारा वसूल किया जायेगा।