मथुरा की क्षेत्र पंचायतों के अध्यक्ष पद का आरक्षण घोषित
मथुरा/लखनऊ।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत मथुरा के अध्यक्ष पद के साथ ही जिले की सभी दस क्षेत्र पंचायतों के अध्यक्ष (ब्लाक प्रमुख) के पद का आरक्षण तय कर दिया गया है।
शासन ने कल मथुरा की जिला पंचायत के अध्यक्ष पद को सामान्य घोषित किया था जबकि आज समस्त दस क्षेत्र पंचायतों के अध्यक्ष पद का आरक्षण घोषित किया गया है।
इस आरक्षण में चार क्षेत्र पंचायत (ब्लॉकों) से महिलाओं को प्रमुख बनने का मौका मिलेगा।
क्षेत्र पंचायत मथुरा के अध्यक्ष (ब्लाक प्रमुख) का पद इस बार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। वर्ष 2015 के चुनाव में यह पद महिला के लिए आरक्षित था, जहां से पन्ना लाल गौतम की धर्मपत्नी ब्लाक प्रमुख चुनी गई थीं। इस बार अनुसूचित जाति के लिए ब्लाक प्रमुख का पद आरक्षित किया गया है।
फरह ब्लॉक जहां 53 ग्राम पंचायतें हैं और 154411 की आबादी है, वहां वर्ष 2015 की तरह इस बार भी ब्लाक प्रमुख सीट गैर आरक्षित रहेगी।
गोवर्धन ब्लॉक में 40 ग्राम पंचायतें हैं जिनकी आबादी 178776 है। वहां इस बार अनुसूचित जाति के लिए ब्लाक प्रमुख का पद आरक्षित किया गया है। पिछली बार वर्ष 2015 में यह पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था।
चौमुहां ब्लाक में कुल 41 ग्राम पंचायत हैं जिनकी आबादी 133576 है। वहां इस बार महिला ब्लाक प्रमुख बनेगी। पहले यह सीट गैर आरक्षित थी।
इसी प्रकार छाता में कुल 56 ग्राम पंचायतें हैं, जिनकी कुल आबादी 188472 है। वहां इस बार अनुसूचित जाति की महिला ब्लाक प्रमुख चुनी जाएगी। यह सीट पिछली बार वर्ष 2015 में अनारक्षित थी।
जनपद की सबसे छोटी ब्लॉक नंदगांव में कुल 38 ग्राम पंचायत हैं जिनकी आबादी 136255 है। इस बार ब्लाक प्रमुख पद पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। यहां से पहले अनुसूचित जाति का प्रमुख चुना गया था।
बलदेव ब्लॉक में 60 ग्राम पंचायत हैं, जिनकी कुल आबादी 186138 है। इस बार यहां से महिला ब्लाक प्रमुख चुनी जानी है। पिछली बार पिछड़े वर्ग के लिए यह पद आरक्षित था। अभी तक यहां से राजपाल भरंगर ब्लाक प्रमुख थे।
राया ब्लाक में कुल 63 ग्राम पंचायत हैं जिनकी कुल आबादी 168220 है। यहां से इस बार पिछड़े वर्ग की महिला ब्लाक प्रमुख चुनी जाएगी।
मांट ब्लॉक में कुल 43 ग्राम पंचायत हैं जिनकी कुल आबादी 168220 है। इस बार ब्लॉक प्रमुख पद अनारक्षित रखा गया है जबकि पिछली बार यह पद महिला के लिए आरक्षित किया गया था।
जनपद की सबसे बड़ी क्षेत्र पंचायत नौहझील है, जिसमें 67 ग्राम पंचायतें हैं। इनकी कुल आबादी 183731 है। इस बार यह पद अनारक्षित रखा गया है जबकि पिछली बार पिछड़े वर्ग की महिला ब्लाक प्रमुख चुनी गई थी। यहां से भाजपा नेता राजेश चौधरी की पत्नी अभी तक ब्लॉक प्रमुख थीं।