मथुरा। बरसाना की प्रसिद्ध लड्डू मार और लट्ठ मार होली को लेकर जिलाधिकारी काफी गंभीर है। बुधवार सुबह उन्होंने दलबल के साथ बरसाना पहुंचकर अपने हाथों से झाड़ू लगा कर स्वच्छता बनाए रखने का आवाहन किया। जिलाधिकारी सीपी सिंह अधिकारियों कर्मचारियों के साथ प्रातः 7 बजे के आसपास बरसाना कस्बा पहुंचे। वहां उन्होंने राधा रानी मंदिर के लिए जाने वाले रोप-वे के आसपास तथा परिक्रमा मार्ग पर बड़े पैमाने पर स्वयं अपने हाथों से सफाई की।
कुंभ के बाद अब उत्तर प्रदेश में परम्परागत तौर पर पहला धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन मथुरा में होने जा रहा है। बरसाना की होली के रूप में होने जा रहे परम्परागत इस आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की यह भूमि मुख्यमंत्री और देश विदेश से आ रहे लाखों श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के साथ स्वच्छ वातावरण का भी संदेश देते हुए नजर आएगी।
कुंभ के बाद लोगों का रुख एक बार फिर ब्रज की ओर है। यहाँ अब होली की धूम है। इस बार बरसाना में सात मार्च को लड्डू होली और आठ मार्च को लठा मार होली है। सात मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना में होंगे। ऐसे में स्वच्छ ब्रज की छवि मुख्यमंत्री और होली के लाखों मतवाले के दिलों में उतारने के लिए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को जिलाधिकारी सुबह के वक्त ही बरसाना पहुँच गए। उन्होंने विभिन्न अधिकारियों के साथ स्वच्छ्ता का अभियान छेड़ दिया।
उन्होंने रोप-वे साइट पर खुद सफाई की। यहाँ श्रद्धालुओं द्वारा छोड़ी गई फूल माला को उन्होंने हटाया। सफाई का यह अभियान दिन भर जारी रहा। श्रीजी मंदिर से जुड़े रास्ते, मंदिर के आसपास का क्षेत्र, रोपवे स्थल पर सफाई की। डीएम सीपी सिंह को सफाई करते देख श्रद्धालु भी कूड़ा फेंकने में सहमे नजर आए।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने लोगों से ब्रज के प्रमुख होली उत्सव पर स्वच्छ्ता में सहयोग करने की अपील भी की। कहा कि ब्रज भूमि आध्यात्मिक और सास्कृतिक स्थली है। यहां देश ही नहीं विदेशों से भी लोग आते हैँ। हमें उन्हें स्वच्छ ब्रज भूमि का अहसास कराना है, जिससे वह फिर लौटकर यहाँ आए, जिससे स्थानीय लोगों का रोजगार भी बढ़ेगा ।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सफाई कार्य के उपरांत हेलीपेड का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को निर्देश दिए कि हेलीपेड के सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम किए जाएं, हेलीपेड के आस पास गंदगी न रहे तथा हेलीपैड के आस पास पानी का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्विस कॉटेज का निरीक्षण करे तथा उत्कृष्ट साफ सफाई रखे।
जिलाधिकारी ने गोवर्धन वाले पुल पर हो रही साफ सफाई को लेकर अवर अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि पुल के दोनों तरफ पेंटिंग कराकर दोनों ओर साफ सफाई सुनिश्चित करें। इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर रितु सिरोही को निर्देश दिए कि अपनी देख रख में साफ सफाई बेहतर कराएं, जहां धूल उड़ रही हो वहां पर पानी का छिड़काव करवाया जाए। सड़क के दोनों किनारों से पॉलिथिन, कपड़े, पान मसाले के पैकेट आदि को उठवाकर बाहर फेंका जाए। जिलाधिकारी ने श्री राधारानी जी मंदिर पर साफ सफाई व्यवस्था को परखा, मंदिर के आस पास साफ सफाई की, रंगाई पुताई आदि के लिए ईओ को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सफाईकर्मियों का हौसला बढ़ाया और कहा के हम और आप एक ही इंसान हैं हम दोनों में कोई अंतर नहीं है आप हम सब लोग मिलकर ब्रज की सेवा करेंगे।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय उप जिलाधिकारी गोवर्धन नीलम श्रीवास्तव डिप्टी कलेक्टर रितु सिरोही, ऊषा सिंह तहसीलदार गोवर्धन मनीष कुमार ईओ कल्पना वाजपेई चेयरमैन प्रतिनिधि पदम फौजी स्टेनो देवेंद्र शर्मा शरद शर्मा नारायण सिंह आदि ने श्रमदान किया।